डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने किया देशनोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षणनवीन भवन और यात्री सुविधाओं का लिया बारीकी से जायज़ा

जोधपुर, 16 मई। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकासाधीन देशनोक रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम त्रिपाठी ने स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआरएम ने बताया कि देशनोक स्टेशन पर यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। नया स्टेशन भवन लगभग पूर्ण हो चुका है। स्टेशन पर अब वेटिंग हॉल, वेटिंग रूम, रिटायरिंग रूम और नया पोर्च जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को एक बेहतर और आरामदायक अनुभव मिलेगा।
मुख्य विकास कार्य देशनोक स्टेशन
करीब 14.18 करोड़ रुपये की लागत से निम्नलिखित प्रमुख कार्य पूरे किए जा रहे हैं
•आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया स्टेशन भवन
•स्टेशन मार्ग में अलग प्रवेश और निकास की व्यवस्था
•सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यकरण
•दोपहिया व चारपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग
•यात्रियों के लिए पोर्च सुविधा
•ऊंचे और चौड़े प्रवेश द्वार
•प्लेटफार्मों पर कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड
•नवीन स्टेशन अधीक्षक कार्यालय और अतिथि कक्ष
•पुरुष और महिला यात्रियों के लिए बेहतर शौचालय
•दिव्यांगजनों के लिए समुचित सुविधाएं
•नए शौचालय ब्लॉक, जल बूथ, प्लेटफॉर्म शेल्टर्स और स्पष्ट संकेत चिन्ह
निरीक्षण में उपस्थित अधिकारीगण
निरीक्षण के दौरान डीआरएम जोधपुर अनुराग त्रिपाठी के साथ वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।