रेलवे: मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित”राष्ट्र की भाषा, स्वाभिमान है हमारा” – डीआरएम

जोधपुर , 01मई। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर रेल मंडल के सभाकक्ष में गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी शाखा अधिकारियों एवं उनके अधीनस्थ अधिकारियों ने भाग लिया।
राजभाषा अधिकारी नरेन्द्र सिवासिया ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि डीआरएम के मार्गदर्शन में जोधपुर मंडल पर राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रसार हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश खराड़ी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्हें विकास खेड़ा वर्तमान (अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी) द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
डीआरएम महोदय ने संबोधन में बताया कि उनकी शिक्षा हिंदी माध्यम से हुई है तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा में सफलता में हिंदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने शाखा अधिकारियों को हिंदी पुस्तकालयों की स्थापना, साहित्यिक गतिविधियों के आयोजन, हिंदी समाचार पत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा राजभाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
21 रेलकर्मी पुरस्कृत
राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा 21 कर्मचारियों को हिंदी में उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन विकास खेड़ा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
इस राजभाषा बैठक में एडीआरएम राकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एस आर बुनकर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुरस्कृत कर्मचारी मौजूद थे।