संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन

जोधपुर, 23 अप्रैल। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल द्वारा जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक दिवसीय विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” स्लोगन के साथ एक विशेष संविधान प्रदर्शनी लगाई गई।
कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु कर्मचारी संपर्क शिविर आयोजित किया गया। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में 30 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनकी समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया गया।
साथ ही कर्मचारियों के स्वास्थ्य की देखभाल हेतु डॉ. अजय शर्मा की देखरेख में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 32 कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने जैसलमेर स्टेशन स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं। कार्यक्रम के अंतर्गत सेफ्टी काउंसलर द्वारा एक संरक्षा सेमिनार भी आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त, उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल की स्काउट एंड गाइड यूनिट द्वारा रेल स्वच्छता अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी नरेंद्र सिवासिया, स्टेशन अधीक्षक पंकज कुमार झा, सीएमआई मानक राम परिहार, मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।